भिंड शहर के प्राइवेट बस स्टैंड पर शुक्रवार दोपहर टिकट को लेकर हुए विवाद में ट्रैवल्स के काउंटर पर बैठे युवक ने एक यात्री पर सरिया से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय सतीश तोमर, निवासी सराय का पुरा थाना फूफ, अपने दोस्तों कुलदीप, शिशुपाल, वासुदेव और सिओम के साथ अहमदाबाद जाने के लिए आया था। बस के समय को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी
सतीश के एक दोस्त ने एनएस ट्रेवल्स से टिकट खरीदा, लेकिन सतीश ने इस बस से जाने से मना कर दिया। उसने कहा कि यह बस ज्यादा समय लेती है। काउंटर पर बैठे युवक ने इस बात पर आपत्ति जताई और कहा कि उनकी बस समय पर पहुंचती है। उसने चुनौती दी कि अगर बस देर से पहुंचेगी तो वह एक लाख रुपए देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर काउंटर पर बैठे युवक ने ऑफिस से सरिया निकाला और सतीश पर हमला कर दिया। सतीश के साथी जब तक उसे बचाते, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सतीश और उसके दोस्तों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश हो रही है।


