जिले में 11 अरब रुपए के बिजली बकायादारों से वसूली बिजली कंपनी के लिए चुनौती बन गई है। रविवार को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक क्षितिज सिंघल ने भिंड पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ तीन घंटे तक समीक्षा बैठक की। इस दौरान विद्युत आपूर्ति सुधारने और बकाया वसूली को लेकर रणनीति बनाई। बैठक में तय हुआ कि बड़े बकायादारों के बैंक खातों को होल्ड किया जाएगा और बकाया चुकाने में आनाकानी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एमडी सिंघल ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव से फोन पर चर्चा कर बकाया राजस्व वसूली के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकायादारों पर कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए। 150 खातों पर लगाया होल्ड, बकायादारों पर शिकंजा
बिजली कंपनी ने 250 बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर विभिन्न बैंकों को भेजी है। अब तक 150 खातों को होल्ड किया जा चुका है। इनमें 50 लाख रुपए से अधिक बकाया वाले उपभोक्ता शामिल हैं। एमडी सिंघल ने भिंड पहुंचते ही बिना विश्राम के शहर का निरीक्षण किया। 11 लाख रुपए का बिल बकाया होने पर पूर्णा नर्सिंग होम का कनेक्शन काट दिया गया। इसके अलावा एक मोबाइल टावर और एलेक्स प्लाजा पर भी कार्रवाई की गई। बड़े बकायादारों पर होगी सार्वजनिक कार्रवाई
700 से अधिक बकायादारों के नाम सार्वजनिक करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इनकी सूची चौक-चौराहों पर टांगी जाएगी। बैठक में महाप्रबंधक पीके जैन समेत सभी सब-स्टेशनों के इंजीनियर और प्रबंधक मौजूद रहे।


