भिंड जिले में गुरुवार को होली का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और गांवों में रंग-गुलाल की बौछारें शुरू हो गईं। गली-मोहल्लों में युवाओं की टोलियां मस्ती करती नजर आईं। कई जगह युवाओं ने परंपरागत अंदाज में ‘कपड़ा फाड़ होली’ भी खेली, जिससे माहौल और रंगीन हो गया। होली को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में डीजे की धुन पर युवा थिरकते रहे। “रंग बरसे”, “राधा खेले श्याम” और “बरसाने में होली” जैसे गीतों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। जनप्रतिनिधियों के घर रही रौनक आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के निवास पर भी होली की धूम रही। समर्थक अपने नेताओं के घर पहुंचकर गुलाल लगाते और बधाई देते नजर आए। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने अपने भिंड स्थित निवास पर समर्थकों के साथ होली मनाई। वहीं पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह के घर पर भी शुभचिंतकों की भीड़ लगी रही। लहार विधायक अंबरीष शर्मा ‘गुड्डू भैया’ ने अपने पैतृक गांव सिकरी में परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ होली खेली। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गोहद क्षेत्र में लाल सिंह आर्य ने समर्थकों के साथ होली मनाकर सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। होली के अवसर पर प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिलेवासियों ने शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार मनाया। देखें तस्वीरें


