भिलाई स्टील प्लांट के पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 का मेडिसिन काउंटर पूरी तरह ठप हो गया है। यहां के स्टॉफ ने काउंटर में नेटवर्क फेल का बोर्ड लगा दिया है। इससे बीएसपी कर्मचारी और रिटायर्ड कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। आपको बता दें कि भिलाई स्टील प्लांट में जितने भी अधिकारी कर्मचारी हैं या रिटायर हो चुके हैं उन्हें और उनके आश्रित परिवार को सेक्टर 9 अस्पताल में निशुल्क इलाज और दवा देने की व्यवस्था है। यहां बड़ी संख्या में लोग दवा लेते हैं और अपना इलाज करवाते हैं। इसमें काफी संख्या पीपी शुगर व अन्य ऐसी बीमारी वाले लोग हैं, जिन्हें परमानेंट दवा खानी होती है। इन लोगों को दवा लेने में कोई परेशानी ना हो इसे देखते हुए बीएसपी प्रबंधन ने अस्पताल में ऑनलाइन दवा देने की व्यवस्था शुरू की थी। अब यह व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। यहां पिछले कई दिन से सर्वर की समस्या आ रही है। इसके चलते दवा वितरण काउंटर में सर्वर खराब होने का नोटिस चस्पा करके काउंटर बंद कर दिया गया है। एक माह में ऑनलाइन व्यवस्था फेल बीएसपी का यह हॉस्पिटल दुर्ग जिले का सबसे बड़ा हॉस्पिटल है। यहां एक जनवरी 2025 से ऑनलाइन दवा देने की सुविधा शुरू की गई थी, लेकिन यह व्यवस्था एक महीने भी सही से नहीं चल पाई है। 1 फरवरी को यह सिस्टम पूरी तरह से बंद हो गया और कर्मचारियों ने काउंटर में नेटवर्क फेल का नोटिस लगा दिया। वाहवाही लूटने आनन फानन में शुरू कर दी थी सुविधा बीएसपी के चिकित्सा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने वाहवाही लूटने के लिए यहां ऑनलाइन का पूरा सिस्टम डेवलप हुए बिना ही सुविधा शुरू कर दी थी। इससे सुविधा शुरू होने के एक महीने के अंदर तीन से चार बार सर्वर फेल हुआ और एक फरवरी को पूरी तरह से दवा वितरण का काम ठप हो गया। इसके चलते बीएसपी के कर्मचारी और रिटायर्ड कर्माचारियों को परेशानी हो रही है।


