भिलाई के 3 सबसे व्यस्तम मार्ग पर बनेंगे फ्लाईओवर:सुपेला संडे मार्केट की वजह से बार-बार बनती है जाम की स्थिति, नेहरू नगर में भी ब्रिज बनाने का प्रस्ताव

शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल सुपेला और नेहरू नगर क्षेत्र में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिल सकती है। भिलाई में तीन नए फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। विधायक रिकेश सेन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने सहमति जताते हुए इसे संबंधित विभाग को भेज दिया है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए तीन फ्लाईओवर बनाए जाने का प्रस्ताव है। पहला फ्लाईओवर सुपेला के गदा चौक से टाउनशिप के जेपी चौक तक बनाया जाएगा। दूसरा फ्लाईओवर सुपेला थाना से गुरुद्वारे तक प्रस्तावित है, जबकि तीसरा फ्लाईओवर टाउनशिप को जोड़ते हुए केपीएस नेहरू नगर चौक तक बनाया जाएगा। इन फ्लाईओवरों के निर्माण से सुपेला संडे मार्केट और नेहरू नगर चौक पर लगने वाले भारी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव पर मिली सहमति
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और नेहरू नगर चौक से अग्रसेन चौक तक ओवरब्रिज की आवश्यकता को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखा था। पत्र में बताया गया था कि खुर्सीपार, पावर हाउस और सुपेला में ओवरब्रिज बनने के बाद ट्रैफिक जाम में कमी आई है, लेकिन नेहरू नगर चौक पर ओवरब्रिज नहीं होने के कारण शाम 6 से रात 10 बजे तक भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। संडे मार्केट में बनती है जाम की स्थिति
सुपेला का संडे मार्केट लगातार विवादों में रहा है। कई बार यहां से अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है, लेकिन उसके बाद भी जाम से अब तक निजात नहीं मिल सकी है। ऐसे में इस जाम को देखते हुए गदा चौक से लेकर सेक्टर-6 जेपी चौक तक फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव पर सहमति मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *