भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक के पास गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है, जबकि उसकी दो साल की बेटी की भी इस हादसे में जान चली गई। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार राकेश दुबे अपनी पत्नी आरती दुबे और दो साल की बेटी सोना दुबे के साथ बाइक से रायपुर से भिलाई लौट रहे थे। वे दोपहर करीब 12 बजे रायपुर से निकले थे और लगभग 2 बजे भिलाई-3 क्षेत्र में सिरसा गेट चौक के पास पहुंचे थे। पीछे से कार ने मारी ठोकर
परिजनों की ओर से पुलिस को बताया गया है कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने राकेश दुबे की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गईं। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ट्रक के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पति की बची जान
घटना में बाइक चला रहे राकेश दुबे को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कार चालक की तलाश की जा रही है।


