भिलाई में महाशिवरात्रि के अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई के जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में मात्र 1 रुपये में डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को इलाज के भारी खर्च से राहत दिलाना है। रविवार को विधायक सेन ने विधिवत रूप से इस सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। ₹1 में शुरू की गई यह सुविधा उन मरीजों के लिए बड़ी मदद साबित होगी, जो आर्थिक तंगी के कारण समय पर इलाज नहीं करा पाते। प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक मिलेगी सुविधा
विधायक कार्यालय अब केवल जनसुविधा केंद्र ही नहीं, बल्कि एक ‘हेल्थ हब’ के रूप में भी विकसित हो रहा है। नई सेवाओं के तहत डायलिसिस और सोनोग्राफी की सुविधा प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि शासकीय अवकाश के दिनों में यह सेवा बंद रहेगी। एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं
विधायक कार्यालय में पहले से ही अनेक जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। यहां मरीजों के लिए 31 प्रकार की ब्लड जांच पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है। इसके अलावा मात्र 1 रुपये में एक्स-रे की सुविधा भी दी जा रही है। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1 रुपये किराये पर हेलमेट सुविधा, जरूरतमंदों के लिए राम रसोई में भोजन व्यवस्था और गरीब व असहाय लोगों के लिए कंबल बैंक जैसी सेवाएं पहले से संचालित हैं। अब इसी क्रम में डायलिसिस और गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी सुविधा भी जोड़ दी गई है। क्षेत्रवासियों ने की पहल की सराहना
शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने विधायक की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नया और प्रेरणादायक मॉडल बताया। यह पहल भिलाई के सेवा मॉडल में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है।


