भिलाई-3 सब स्टेशन में लगी भीषण आग:तीन फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पाया गया काबू, ट्रांसफॉर्मरों तक आग बढ़ने से रोका गया

दुर्ग जिले के भिलाई 3 स्थित सीएसईबी के सब स्टेशन में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग से तीन फायरब्रिगेड को भेजा गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, उन्हें भिलाई तीन थाने से सूचना मिली की भिलाई 3 सब स्टेशन CSEB ट्रांसफॉर्मर स्टोरेज में आग लग गई है। अग्निशमन कार्यालय दुर्ग में सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को टीम के साथ रवाना किया गया। जैसे ही उन्हें पता चला कि आग अधिक बड़ी है, दो और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को वहां भेजा गया। उनकी टीम ने वहां पहुंचते ही ट्रांसफार्मरों में लगी आग को बुझाने का काम फोम और पानी की मदद से शुरू किया। समय पर तीन गाड़ियों की मदद से आग को आस पास के ट्रांसफॉर्मरों तक बढ़ने से रोक लिया गया। धुआं के चलते नहीं दिखाई दे रहा था कुछ अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे, धन्नू यादव, डाला राम ने अपनी टीम के साथ आग बुझाने काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मर में तेल की वजह से धुआं इतना अधिक निकल रहा था कि पूरा एरिया धुएं से भर गया था और कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इससे अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही जहां आग लगी थी वहां से हाईटेंशन तार भी गुजरी थी, उसे भी देखते हुए आग बुझाने में परेशानी हो रही थी, लेकिन लगभग तीन से चार घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *