भीलवाड़ा जिले के कालीरड़िया गांव में गौशाला निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के करीब 8 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस तैनात है। निर्माण कार्य के दौरान बढ़ा विवाद थाना प्रभारी मुन्नी राम ने बताया – कालीरड़िया गांव में गौशाला का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। झगड़े में दोनों ओर से करीब 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचा पुलिस का भारी जाब्ता घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। भीड़ को तितर-बितर कर हालात पर काबू पाया गया। एएसपी पारस जैन और मांडलगढ़ डिप्टी बाबूलाल बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से समझाइश कर शांति बनाए रखने की अपील की। तनावपूर्ण माहौल, रातभर पुलिस तैनात घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए रातभर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


