भीलवाड़ा में 2 से 8 फरवरी तक श्रीमद भागवत रूपी पावन धर्म गंगा प्रवाहित होने वाली है। व्यासपीठ से संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का वाचन करने के लिए रामद्वारा चित्तौड़गढ़ के रामस्नेही संत ओजस्वी प्रखर वक्ता दिग्विजय रामजी महाराज भीलवाड़ा आएंगे। रोडवेज बस स्टेण्ड के पास अग्रवाल उत्सव भवन में स्व.श्रीमती गीतादेवी तोषनीवाल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस आयोजन के बारे में ट्रस्ट एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार दोपहर पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक होगा आयोजन ट्रस्ट के रामस्वरूप तोषनीवाल ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा में प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक व्यासपीठ से संत श्री दिग्विजय रामजी महाराज के मुखारबिंद से कथावाचन होगा। इस भव्य कथा आयोजन के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। कथा श्रवण करने के लिए आने वाले हजारों भक्तों के लिए विशाल डोमयुक्त पांडाल तैयार किया गया है। भव्य कलश शोभायात्रा के साथ शुरुआत आयोजन को सुचारू एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर अलग-अलग कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान महोत्सव का आगाज 2 फरवरी को सुबह 10.15 बजे माणिक्यनगर रामद्वारा से कथास्थल अग्रवाल उत्सव भवन तक निकाली जाने वाली भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। कई धार्मिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। इसके तहत 7 फरवरी को संगीतमय सुंदरकांड पाठ, कथा महोत्सव के दौरान 2 से 8 फरवरी तक पंच कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ एवं 5 फरवरी की रात 8 बजे से कथा स्थल पर भव्य नंद महोत्सव एवं 7 फरवरी को मंगलमय तुलसी विवाहोत्सव का आयोजन होगा। राष्ट्रीय संत डॉ. मिथिलेश नागर करेंगे संगीतमय सुंदरकांड श्रीमद भागवत कथा महोत्सव के दौरान 7 फरवरी को शाम 7 बजे से राष्ट्रीय संत नैनौराधाम के डॉ. मिथिलेश नागर के मुखारबिंद से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन होगा। डॉ. नागर देशभर में विभिन्न स्थानों पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ कर चुके है एवं उनके मुखारबिंद से सुंदरकांड पाठ सुनने के लिए भक्त उमड़ते है। सात दिवसीय पंच कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ होगा श्रीमद भागवत कथा महोत्सव परिसर में ही विशाल यज्ञ मण्डप तैयार किया गया है। यहां 2 से 8 फरवरी तक महामंगलकारी पंच कुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ होगा। ये महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 12.30 बजे तक ज्ञायिक रत्न आचार्य पंडित गौरीशंकर शास्त्री एवं वैदिक विद्धानों के तत्वावधान में होगा। इस यज्ञ में प्रतिदिन अलग-अलग जजमान शामिल होकर सर्व मंगल एवं सुख शांति की कामना से आहुति देंगे। नंद महोत्सव एवं तुलसी विवाह रहेगा विशेष आकर्षण आयोजन समिति के दीपक तोषनीवाल ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में 5 फरवरी की रात 8 बजे से कथा स्थल पर भव्य नंद महोत्सव का आयोजन होगा। इसके माध्यम से रासलीला की भव्य प्रस्तुति होगी। इसी तरह 7 फरवरी को मंगलमय तुलसी विवाहोत्सव का आयोजन होगा। इस आयोजन को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।पत्रकार वार्ता में मंच पर एडवोकेट केदार जागेटिया, राजेश तोषनीवाल, महावीर समदानी, शुभम तोषनीवाल, निलेश ईनाणी मौजूद रहे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आभार जताया। कथा महोत्सव में हर दिन अलग-अलग प्रसंगों का वाचन संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान में पहले दिन व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य मंगलाचरण कथा प्रारंभ होगी। इसी तरह दूसरे दिन 3 फरवरी को कपिल देवहुति संवाद, सती चरित्र व धु्रव चरित्र, 4 फरवरी को जड़भरत संवाद नृसिंह अवतार/प्रहलाद चरित्र प्रसंग का वाचन होगा। कथा में चौथे दिन 5 फरवरी को श्री कृष्ण जन्म नंदोत्सव, 6 फरवरी को श्रीकृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा प्रसंग का वाचन एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। कथा में 7 फरवरी को उद्धव चरित्र, रूक्मणी विवाह एवं 8 फरवरी को समापन दिवस पर कथा पूर्णाहुति से पूर्व सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष प्रसंग का वाचन होगा।


