भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक प्राइवेट स्कूल के 34 वर्षीय शिक्षक अभिषेक गहलोत ने रविवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है, जब उनका चचेरा भाई आशीष उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने गया था। जब आशीष ने अभिषेक को फंदे से लटका देखा तो उसने चिल्लाकर परिवार को सूचना दी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें फंदे से उतारकर भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुर थाने के एएसआई गोपाल रैगर ने बताया कि मृतक छात्रावास के पास रहता था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभिषेक के पिता का नाम सुभाष गहलोत है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।


