भीलवाड़ा में हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी:बड़ी संख्या में इकट्ठा ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग, पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दिलाया भरोसा

भीलवाड़ा के धुवांला गांव में हनुमान मंदिर को बीती रात चोरों ने अपना निशाना बनाया ओर यहां से चांदी का मुकुट चुरा लिया।घटना का पता आज ग्रामीणों को पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचने पर लगा। हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट गायब था इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। हनुमान मंदिर से चांदी मुकुट चुराया मामला मांडल थाना क्षेत्र के धुंआला गांव का है, बीती रात चोरों ने हनुमान मंदिर में मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे, प्रतिमा से करीब 1 किलो 300 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चुरा लिया। घटना का पता आज सुबह ग्रामीणों को पूजा पाठ के लिए मंदिर पहुंचने पर लगा, ग्रामीणों की सूचना पर मांडल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए तथा संदिग्धों की तलाश शुरू की। रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही आसपास के संभावित रास्तों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।गौरतलब है कि मांडल थाना क्षेत्र में पिछले 15 दिनों में चोरी की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले भी क्षेत्र के अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं,जिससे आमजन में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष भी देखने को मिल रहा है। शीघ्र खुलासे का भरोसा ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय गश्त व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी सख्त करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज करने और शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है। क्रेडिट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *