झारखंड में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को अचानक मौसम बदला। राजधानी रांची सहित अधिकतर जिलों में काले बादल छाए। हल्की बारिश हुई। राज्य में सबसे ज्यादा 14.5 एमएम बारिश हजारीबाग में हुई। वहीं सिमडेगा सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 34.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर, पलामू के हुसैनाबाद में बूंदाबांदी के बीच ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि खूंटी के लापुंग में ओले गिरने से सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा। हालांकि बारिश से करीब तीन डिग्री तक गिरावट आई। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर भारत से आने वाली हवाओं के कारण झारखंड में मौसम में बदलाव हुआ है। इसी वजह से बारिश हो रही है। अगले दो दिन तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान ठनका भी गिरेगा। कुछ जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 24 मार्च से बादल छंटेंगे और आसमान साफ होगा। आज यहां बारिश और ओलावृष्टि के आसार मौसम विभाग के मुताबिक 21 मार्च को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात हो सकता है। इन जिलों में 50 से 60 किमी रफ्तार से आंधी चलेगी। जानिए… कहां कैसा रहा मौसम 22-23 मार्च को इन जिलों में बारिश की संभावना: 22 और 23 मार्च को रांची, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी रफ्तार से आंधी चलेगी।


