भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के प्रमुख सचिव व सीएम कार्यालय में विशेष सचिव आईएएस बसव राजू से भेंटकर नगरीय निकाय के समस्याओं के निदान के लिए चर्चा कर ज्ञापन सौंपा। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने गुरुवार को राजधानी पहुंचकर मंत्रालय महानदी में नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के प्रमुख सचिव व सीएम कार्यालय के विशेष सचिव आईएएस बसव राजू से भेंटकर उन्हें नगर पंचायत से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देते हुए उसके निदान की मांग की। आईएएस बसव राजू ने नपं अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराएंगे। नपं अध्यक्ष ने प्रमुख सचिव को बताया कि जल आवर्धन योजना अंतर्गत नगर के लिए वर्ष 2019 से साढ़े 11 करोड़ की राशि मंजूर है। योजना के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व साढ़े चार लाख लीटर की पानी टंकी का निर्माण हो चुका है। पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है। लेकिन शिवनाथ नदी एनीकट में इंटेकवेल का निर्माण भूमि अधिग्रहण के चलते रुका हुआ है। अधिग्रहण की मंजूरी नहीं मिलने से यह काम अधर में लटका हुआ: नपं अध्यक्ष ने सचिव को बताया कि इंटेकवेल निर्माण के लिए लगभग 6 डिसमिल निजी किसान के भूमि को अधिग्रहण करने की आवश्यकता है। इसके कारण यह कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। निकाय के पास इस योजना के लिए आई राशि के ब्याज की राशि से निजी किसान के भूमि अधिग्रहण का मुआवजा भी प्रदान किया जा सकता है। लेकिन शीर्ष कार्यालय से अधिग्रहण की मंजूरी नहीं मिलने से यह काम अधर में लटका हुआ है। बताया कि वर्तमान में पूरे नगर में नलकूप के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। आईएएस राजू ने नपं अध्यक्ष को बताया कि इंटेकवेल के लिए जमीन अधिग्रहण व मुआवजा से जुड़े सभी कार्य प्रक्रियाधीन है। मुक्तिधाम जीर्णोद्धार: सूडा के अफसरों को ज्ञापन नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव, संचालक के अलावा मंत्रालय में विभाग के उपसचिव भागवत जायसवाल से भेंटकर नगर विकास के संदर्भ में चर्चा की। इसके अलावा संचालनालय में सूडा के अफसरों से चर्चा कर नगर के मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार के लिए अनुदान उपलब्ध कराने की मांग रखी। नपं अध्यक्ष ने सूडा के एडिशनल सीईओ डी. रायस्त तथा डिप्टी सीईओ सुनील अग्रहरी से भेंटकर नगर के सभी मुक्तिधाम के कायाकल्प तथा राज्य व प्रवर्तित योजनाओं को लेकर चर्चा कर विकास के लिए अनुदान उपलब्ध कराने का ज्ञापन सौंपा। सूडा के एडिशनल सीईओ रायस्त व अग्रहरी ने नपं अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर निकाय से जुड़ी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। श्रद्धांजलि योजना के लिए अनुदान राशि की मांग नगरीय प्रशासन विकास विभाग के संचालक को बताया कि निकाय क्षेत्र में बीपीएल परिवारों को मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पिछले तीन वर्षों से नगर पंचायत को मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार का अनुदान नहीं मिला है। जिससे निकाय क्षेत्र में बीपीएल परिवार से जुड़े मृतक के आश्रितों को निकाय मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि योजना अंतर्गत दो हजार की राशि की भुगतान नहीं कर पा रही है। इससे निकाय के साथ शासन व प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। नपं अध्यक्ष ने संचालक से जल्द से जल्द श्रद्धांजलि योजना के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी।


