भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गुरुवार को सीएम डॉ मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रदेश में भाजपा सरकार के एक साल पूरा होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज सात नगरी; निकाय उपचुनाव में छह निकायों में भाजपा ने जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि किसी भी देश को आगे बढ़ाने के लिए उसके उपलब्ध संसाधनों का बेहतर से बेहतर उपयोग होना चाहिए। ऐसे में उन्होंने नदी जोड़ो की कल्पना की थी। नदी जोड़ो के माध्यम से उनका अपना विराट दर्शन था। सच मानो तो उसमें कई लोगों को लगा था कि क्या यह संभव है। यह तो प्राकृतिक है। यह कैसे हो सकता है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमे कहा कि यह बहुत उम्दा आइडिया है इस पर आगे बढ़ना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज जी के समय में यह प्रोजेक्ट हाथ में लिया गया था। लेकिन फॉरेस्ट और कुछ-कुछ विभागों में तालमेल की कमी ये मामला अटक रहा था। हमने इसको गंभीरता से आगे किया। केन-बेतवा प्रोजेक्ट में केवल 10% राशि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की लगेगी। बाकी राशि केंद्र सरकार देगी। अटल जी की जयंती को जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। अटल जी का वह सपना साकार होते दिखेगा जो उन्होंने नदी जोड़ अभियान को लेकर देखा था। इसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लगभग 11 जिले हैं। प्रदेश के 11 जिले और बाकी के उत्तर प्रदेश के जिले हैं। कुल मिलाकर 10 लाख हेक्टेयर इलाके में इससे सिंचाई होगी। 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस कार्यक्रम में आने की सूचना दी है। दोपहर 1:00 छतरपुर जिले में इस योजना का भूमि पूजन किया जाएगा। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में दो तरह की एयर एंबुलेंस चल रही है। जहां हवाई पट्टी है वहां एयर एंबुलेंस चल रही है और जहां हवाई पट्टी नहीं है वहां हेलीकॉप्टर से मरीजों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है। अभी हाल की घटना है पन्ना में एक रिटायर्ड खनिज अधिकारी सुबह घूमने जा रहे थे और पीछे से ट्रक में उन्हें कुचल दिया उनका पैर बुरी तरह पिचक गया उन्हें तुरंत एयर लिफ्ट करके बंसल हॉस्पिटल भोपाल में भर्ती कराया और उनका पैर भले ही अलग करना पड़ा लेकिन उनकी जान बच गई। शपथ लेते ही हमने दो मंत्रालय को एक साथ किया स्वास्थ्य मंत्रालय और चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय अलग-अलग थे। हर जगह यह एक थे। केवल हमारे राज्य में ही स्वास्थ्य मंत्रालय अलग था।
मध्य प्रदेश में 2003-4 के आसपास करीब 5 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे अब कुछ समय में पूरे मध्य प्रदेश में 51 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। सीएम यादव ने कहा कि, इंदौर मनमाड़ के बीच बनने वाली रेल लाइन के लिए मध्यप्रदेश में रेलवे का काम देखने के लिए अलग से ओएसडी ला रहे हैं। यह 309 किलोमीटर का लगभग 18,036 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट है। इस लाइन के बनने से 4 घंटे की बचत होगी। लगभग ढाई सौ किलोमीटर का सफर बचेगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर परिसर में जनकल्याण एवं विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में राज्य सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उपमुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा और राजेंद्र प्रसाद शुक्ल उपस्थित रहे। वीडी बोले- ये तुरंत एक्शन लेने वाली सरकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि, एक साल पहले आज के ही दिन 13 दिसंबर को मोहन यादव जी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सरकार के साथ भाजपा के संगठन ने प्रधानमंत्री मोदी जी की नीति और डबल इंजन की सरकार ने दोगुना काम किया है। मध्य प्रदेश की सरकार तुरंत एक्शन करने वाली सरकार है। महिला, किसान, गरीब, युवा इन चार वर्गों पर सरकार ने फोकस किया है। पीएम श्री एम्बुलेंस के माध्यम से सरकार ने संवेदनशीलता प्रदर्शित की है। महिलाओं को 35% आरक्षण देने का काम डॉक्टर मोहन यादव जी के नेतृत्व की संवेदनशील सरकार ने किया। मध्य प्रदेश के समग्र विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्रियल समिट के माध्यम से लोकल उद्योगपतियों को अवसर देने के लिए शुरुआत की गई है। शहरों के समग्र विकास के लिए देश में मध्य प्रदेश कैसे आगे जाएगा उसके लिए मेट्रोपोलिटन सिटी डेवलप करने का प्रयास सरकार ने किया है। आने वाले समय में केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना जो अटल जी का सपना है भी जल्द पूरी होने वाली है। तीन नदियों के जुड़ने से प्रदेश के 11 जिलों को फायदा सीएम यादव ने आगे कहा कि तीन नदियों पार्वती, काली सिंध, चंबल को जोड़ने का मामला राजस्थान में विरोधी विचारधारा की सरकार होने के चलते अटका हुआ था। राजस्थान की कांग्रेस सरकार को यह मंजूर नहीं था। लेकिन अब उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के शिवपुरी से लगाकर आगर-मालवा तक के 11 जिले शिवपुरी, गुना, सीहोर, देवास, उज्जैन आगर इंदौर, शाजापुर, मुरैना में नदियों के जोड़ने से स्थिति बदल जाएगी। इंदौर से निकलने वाली कान्ह नदी शिप्रा में आकर हमारी मूल नदी की धारा को प्रभावित करती है। कई बार इंदौर के सीवर का पानी मिलता है तो उज्जैन का पानी गंदा हो जाता है। ऐसे में उज्जैन से 20 किलोमीटर पहले डक्ट के माध्यम से पूरी नदी को पलट कर गंभीर नदी की डाउन स्ट्रीम में शिफ्ट करेंगे। 1980 के बाद से हम किसी भी सिंहस्थ में शिप्रा जी के जल से स्नान नहीं कर पाए। गंभीर नदी के पानी से स्नान कराया। 2016 के कुंभ में हमने नर्मदा जी के जल से स्नान कराया। लेकिन अब हमने शिप्रा जी के पानी से ही स्नान करने के लिए योजना बनाई है। वर्षा जल को संग्रहित करके सरवर खेड़ी डैम के आधार पर शिप्रा जी का पानी संरक्षित करेंगे। सीएम ने कहा किसानों के लिए कई योजना बनाई कुलपति का नाम बदलकर कुलगुरु किया सीएम डॉ यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालय में कुलगुरु को पहले कुलपति कहते थे। ऐसे में जब महिला कुलपति बन जाती हैं तो नाम को लेकर बड़ी समस्या रहती। पहले भी मैंने अपना अनुभव सुनाया था। इंदौर में एक बहन कुलपति थी जब उनके पति आए तो उन्होंने कहा कि आपकी कुलपति का मैं पति हूं। मैंने उस समय कुछ नहीं कहा। लेकिन, बाद में आकर सोचा कि अब क्या कर सकते हैं, तो ध्यान में आया कि महाराष्ट्र में कुलपति को कुलगुरु कहा जाता है। हमने भी यही मॉडल लागू किया। गुरु परंपरा में हमने यह नाम परिवर्तन किया। ढाई लाख लोगों को देंगे नौकरी लाडली बहना जारी रखने आय बढ़ाएंगे मध्य प्रदेश में सब कह रहे थे की लाडली बहन योजना बंद हो जाएगी। इसका लोड पड़ेगा। लोड बढ़ रहा है। लेकिन हम आय का साधन बढ़ा रहे हैं। जब आप आय बढ़ाओगे तो इन सारी व्यवस्थाओं को संचालित करने में सक्षम हो जाते हैं। हमने इस दिशा में काम किया है। हमारी सारी जन कल्याणकारी योजनाएं, खासकर बहनों की योजनाओं को आगे बढ़ाते रहेंगे। हमने महिला उद्यमियों को 850 एमएसएमई इकाइयों में 275 करोड़ की राशि का डीबीटी से अंतरण किया। 2025 का तो पूरा साल उद्योग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया। अब जिला स्तर पर औद्योगिक समिति बनाने जा रहे हैं। 24 फरवरी 2025 को ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट होगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी स्वयं शामिल होंगे।


