भोपाल विधानसभा घेराव की तैयारी में जुटी इंदौर कांग्रेस:बैठक में प्रकोष्ठ के निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने का निर्णय

इंदौर शहर कांग्रेस और जिला कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठनों एवं प्रकोष्ठों की आज बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रभारी एवं शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 16 दिसंबर को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भय, भूख, भ्रष्टाचार और आम जनता की अन्य समस्याओं को लेकर, साथ ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भोपाल में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। यादव ने प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से कहा कि वे ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करें, अधिक से अधिक पदाधिकारियों से संपर्क करें और ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भोपाल ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारी हटाएं जाएंगे बैठक में देवेंद्र यादव ने कहा कि जो प्रकोष्ठ अध्यक्ष और पदाधिकारी निष्क्रिय पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल हटाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट संबंधित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों को भेजी जाएगी। उनके स्थान पर नए युवाओं और सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बनाया जाएगा। सभी मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को अपनी कार्यकारिणी की सूची शहर एवं जिला कांग्रेस कार्यालय में जल्द जमा करनी होगी। जिन मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों ने अब तक अपनी कार्यकारिणी नहीं बनाई है, वे जल्द कमेटी की घोषणा करें। सभी मोर्चा संगठन और प्रकोष्ठ अध्यक्षों को कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए मासिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, उन्हें इंदौर शहर और जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित आंदोलनों, बैठकों, तथा महापुरुषों की पुण्यतिथि और जयंती पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया। साथ ही, सभी पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आंदोलन करें। इंदौर कांग्रेस कार्यालय का होगा कायाकल्प जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सदाशिव यादव ने बैठक में कहा कि सभी मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी 16 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में विधानसभा घेराव में शामिल हों। इसकी साधन एवं भोजन व्यवस्था इंदौर शहर और जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा की जाएगी। गाड़ियों की संख्या के लिए सभी से जानकारी इकट्ठा करने के निर्देश भी दिए गए। सदाशिव यादव ने यह भी बताया कि इंदौर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय का नवीनीकरण वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से जल्द पूरा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *