भोपाल सांसद बोले- राहुल, प्रियंका और बंटाधार हिमालय चले जाएं:कांग्रेस हताश है; ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म बनाने वालों को जेल भिजवाऊंगा

भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने नर्मदापुरम में कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह (जिन्हें उन्होंने ‘बंटाधार’ कहा) को राजनीति से संन्यास लेकर हिमालय पर तपस्या करने की सलाह दी है। इसके अलावा, ओटीटी पर आने वाली फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर उन्होंने फिल्म मेकर्स को जेल भिजवाने की चेतावनी दी है। सांसद शर्मा केंद्रीय बजट को लेकर शनिवार को भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करने नर्मदापुरम पहुंचे थे। इस दौरान विधायक डॉ. सीताशरन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला और नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव भी मौजूद थीं। ‘कांग्रेस हताश और निराश है’ सांसद ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से टूट चुकी है और हताश-निराशा के दौर से गुजर रही है। विपक्ष की जो भूमिका जनता ने दी है, उसे वे निभा नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा, “उल-जलूल आरोप लगाना, सस्ती लोकप्रियता अर्जित करना और प्रधानमंत्री को सदन के अंदर नहीं बोलने देना, इससे देश में अच्छा संदेश नहीं गया है। लोकसभा अध्यक्ष ने भी इस पर चिंता जताई है।” उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश के बंटाधार नेता (दिग्विजय सिंह) को कुछ दिन के लिए राजनीति से संन्यास लेकर हिमालय की पहाड़ियों में तपस्या करना चाहिए।” ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म बनाने वालों को जेल भिजवाऊंगा ओटीटी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल पर सांसद ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “ब्राह्मण समाज इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। मैं खुद ब्राह्मण कुल में पैदा हुआ हूं। भोपाल में हमारी पूरी टीम बन गई है, लीगल एक्सपर्ट इस पर अध्ययन कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। उनकी जगह थाने नहीं, जेल होगी। कानून के दायरे में लाकर जेल भेजने का काम मैं स्वयं करूंगा।” ‘राहुल गांधी की पप्पू की इमेज’ सांसद ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष का धर्म नहीं निभा रही। राहुल गांधी की ‘पप्पू’ की इमेज पूरे देश में बन गई है, उनकी बात को कोई गंभीरता से नहीं लेता। संसद की परंपरा को तोड़ने का काम राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी ने किया है। मंत्री के बयान और डॉग टॉयलेट पर साधी चुप्पी प्रेसवार्ता के दौरान जब सांसद से राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के लाड़ली बहनों को लेकर दिए विवादित बयान पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा, “मैंने उनका बयान नहीं सुना है, बयान सुनने के बाद ही कोई टिप्पणी की जाएगी।” वहीं, जब उनसे नर्मदापुरम में 2018 में बने देश के पहले ‘डॉग टॉयलेट’ (जो अब बंद हो चुका है) के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पर भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। जबकि इससे पहले वे भोपाल महापौर रहते हुए थर्ड जेंडर टॉयलेट बनवाने की अपनी उपलब्धि गिना रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *