भास्कर न्यूज | कवर्धा भोरमदेव महोत्सव इस बार भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। 26 मार्च को प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी टीम के साथ भव्य प्रस्तुति देंगे। उनके लोकप्रिय भजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएंगे। उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय शर्मा ने कहा कि वर्षों बाद भोरमदेव महोत्सव की भव्यता को पुर्नस्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट और जिला प्रशासन मिलकर आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव 26 और 27 मार्च को ऐतिहासिक बाबा भोरमदेव मेला स्थल में होगा। पहले दिन हंसराज रघुवंशी के भजन संध्या का आयोजन होगा। मेरा बोला है भंडारी.., ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने.. और लागी मेरी तेरे संग लगी ओ शंकरा.. जैसे भजन श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे। सुरक्षा पर विशेष जोर: कलेक्टर वर्मा ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया और कहा कि इस महोत्सव में आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने जल, विद्युत और अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के लिए संबंधित विभागों को पूरी तैयारी के साथ काम करने की बात कही। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। महोत्सव में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। बैगा नृत्य, लोकगीत और नाट्य मंचन से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत जीवंत होगी। आयोजन स्थल की सजावट, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है। भोरमदेव महोत्सव इस बार पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है।


