भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने फलोदी की ग्राम पंचायत कानासर में कार्यरत कनिष्ठ सहायक की 15 साल की नौकरी में कुल 17 लाख रुपए की आय मानी। लेकिन, उसके पांच ठिकानों पर दबिश देकर सर्च की तो 15 करोड़ रुपए से ज्यादा की चल-अचल संपत्तियों का पता चला। सर्च जारी है जिसमें संपत्तियों की राशि और बढ़ेगी। आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया गया है। बीकानेर में पूनरासर निवासी शुभकरण छींपा फलोदी की बाप पंचायत समिति की कानासर ग्राम पंचायत में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है। एसीबी बीकानेर को उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति हासिल करने की सूचना मिली थी। एसीबी की स्पेशल यूनिट एएसपी आशीष कुमार ने छानबीन की और आय से अधिक संपत्तियों को पुख्ता करते हुए जयपुर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जहां मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे की जांच एसीबी की बीकानेर चौकी के एएसपी विनोद कुमार को सौंपी गई और उसके बाद शुक्रवार को शुभकरण के पांच ठिकानों पर एक साथ सर्च शुरू की गई। बीकानेर डीआईजी भुवन भूषण यादव ने पत्रकारों के समक्ष बताया कि कनिष्ठ सहायक शुभकरण के निवास स्थान पूनरासर, जयपुर रोड पर वैष्णोधाम के सामने मातेश्वरी एन्क्लेव, गंगाशहर रोड पर बागीनाड़ा छींपों का मोहल्ला, व्यास कॉलोनी में चार नंबर सेक्टर और बाप में पदस्थापन ग्राम पंचायत कानासर के उदट गांव में सर्च की। इस दौरान अब तक दो किलो सोना, तीन किलो चांदी, 75 लाख रुपए नकद, पांच आलीशान मकान, 17 हेक्टेयर कृषि भूमि, प्लॉट्स और अन्य संपत्तियों के कागजात मिले हैं। चल-अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत 15 करोड़ रुपए से ज्यादा है जो बढ़ सकती है। देर रात तक सर्च और कुल संपत्तियों का ब्यौरा तैयार किया जा रहा था। शुभकरण मार्च,10 में रोजगार सहायक के पद पर श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के ग्राम पंचायत पूनरासर में नौकरी लगा था। वर्ष, 22 में पदोन्नत होकर कनिष्ठ सहायक बना और उसके बाद कानासर ग्राम पंचायत में लगा जहां से वर्तमान में उदट ट्रांसफर हुआ था। ब्यूरो की ओर से सर्च के दौरान वह मातेश्वर एन्क्लेव स्थित ठिकाने पर था। आरोप है कि शुभकरण ने 938 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्तियां अर्जित की। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति के इस गंभीर मामले की मॉनिटरिंग डीजी एसीबी गोविन्द गुप्ता, एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने की। ब्यूरो की ओर से दर्ज एफआईआर में पत्नी भी आरोपी एसीबी मुख्यालय ने कनिष्ठ सहायक शुभकरण के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया है जिसमें उसकी पत्नी सरिता भी नामजद है। शुभकरण ने पत्नी के नाम से भी संपत्तियां खरीद रखी हैं। परिवार में पिता हैं, जो गांव में अलग रहते हैं। तीन भाई हैं जो कपड़े बेचने व मजदूरी का काम करते हैं और आरोपी शुभकरण से अलग रहते हैं। तीन पुत्र हैं जो दसवीं, बारहवीं और बीए में पढ़ते हैं। शुभकरण की चेक अवधि वर्ष, 10 से वर्तमान तक राज्य सेवा में रहते वेतन भत्तों की आय 17 लाख रुपए है। चेक अवधि में आरोपी की अर्जित कुल परिसंपत्तियां 15902518 रुपए है। चैक अवधि से पूर्व की कुल परिसंपत्तियां 23566 रुपए और चेक अवधि में किया गया व्यय 1416666 रुपए है। आरोपी शुभकरण ने 938 प्रतिशत अधिक अवैध परिसंपत्तियां हासिल की हैं। किस अधिकारी ने कहां की सर्च
व्यास कॉलोनी : एएसपी विनोद कुमार
पूनरासर में : चूरू चौकी इंचार्ज महावीर प्रसाद शर्मा
मातेश्वरी एन्क्लेव : इंस्पेक्टर इन्द्रकुमार
गंगाशहर रोड बागीनाड़ा छींपों का मोहल्ला : इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा
कानासर ग्राम पंचायत और उदट : जोधपुर सिटी डीवाईएसपी किसन सिंह


