मंगलसूत्र चोरी के आरोप में भिड़ीं महिलाएं:आधे घंटे तक रुकी रही बस, झुंझुनू रोडवेज डिपो पर हंगामा

झुंझुनू रोडवेज बस डिपो पर आज दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मंगलसूत्र चोरी के शक में दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए। करीब आधे घंटे तक डिपो परिसर में झगड़ा होता रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के अनुसार धनूरी निवासी एक बुजुर्ग महिला अपनी बहू के साथ अस्पताल आई हुई थी। उपचार के बाद जब दोनों वापस अपने गांव लौटने के लिए रोडवेज बस में चढ़ीं, तो भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने बहू के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। जैसे ही महिला सीट पर बैठी, उसे गले से मंगलसूत्र गायब होने का अहसास हुआ। उसने तुरंत अपनी सास को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बस में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने तुरंत बस ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी सूचना दी। चालकों ने उन्हें पुलिस बुलाने या स्वयं यात्रियों की जांच करने की सलाह दी। पीड़ित सास-बहू ने जब अपने स्तर पर संदिग्धों की जांच शुरू की, तो बस में सवार एक अन्य युवती और महिला ने इसका कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते आपसी बहस ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि जब उन्होंने बाकी सबको चेक करने के बाद उस युवती और महिला की तलाशी लेनी चाही, तो वे भड़क गईं और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बस डिपो के मुख्य गेट पर आधे घंटे तक बवाल होता रहा, लेकिन रोडवेज का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बस खड़ी रही, यात्री परेशान होते रहे। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ डिपो पहुंचे। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। शुरुआती समझाइश के बाद दोनों पक्षों को डिपो स्थित पुलिस चौकी ले जाया गया। गहन पूछताछ के बाद पुलिस उस युवती और महिला को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई है, जिन पर चोरी और मारपीट का आरोप लगा है। थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *