मंगल कार्बन प्लांट हादसे में चार की मौत, मालिक पर एफआईआर

भास्कर न्यूज | रायगढ़ खरसिया के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में 5 फरवरी को हुए हादसे में 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन का गंभीर स्थिति में रायपुर के कल्दा बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में इलाज जारी है। मामले में प्लांट के मालिक अविनाश गर्ग के खिलाफ भी बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फर्नेस का ढक्कन खोलने के दौरान हुए ब्लास्ट में श्रमिक 70 से 90 प्रतिशत तक जल गए थे। हादसे में झुलसे सात लोगों में से अधिकांश एक ही परिवार के थे। इलाज के दौरान सोमवार को 9 वर्षीय भूमि खड़िया ने दम तोड़ा। इसके अगले दिन भूमि के पिता शिव खड़िया (27) और इंदीवर सारथी (19) की भी मौत हो गई। बुधवार दोपहर भूमि के दादा साहेब लाल खड़िया (45), जो लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे, ने भी अस्पताल में आखिरी सांस ली। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है। एक ही परिवार की लगातार मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर बानीपाथर आरओबी एनएच–49 में चक्काजाम भी किया था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मुख्य प्रबंधक रूपेश शर्मा और प्रबंधक दादु महराज उर्फ प्रेमसागर त्रिपाठी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। जांच आगे बढ़ने पर अब प्लांट के मालिक अविनाश गर्ग के खिलाफ भी बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। यह धारा लापरवाही से किसी की मृत्यु होने पर लागू होती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *