मंडला जिले के टिकरिया थाना अंतर्गत एनएच 30 पर सोमवार दोपहर ब्रेक फेल होने से एक ट्रक सड़क किनारे खाना बना रहे टैंकर ड्राइवरों पर पलट गया, जिससे एक की मौत हो गई। वहीं ट्रक का हेल्पर घायल है। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना मंडला-जबलपुर मार्ग में कुड़ामैली के नजदीक की है। बताया जा रहा है कि ट्रक एमपी 67 एच 0215 गुना से गेहूं लेकर रायपुर की तरफ जा रहा था, तभी ब्रेकफेल गया। जहां हादसा हुआ, वहीं नजदीक कुछ टैंकर ड्राइवर खाना बना रहे थे, उनमें से 37 वर्षीय सुधीर कुमार यादव की मौत हो गई। वह इटावा (उप्र) के रहने वाले थे। वहीं पाटन में रहने वाला ट्रक हेल्पर देवेन्द्र यादव घायल है। उसे नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। मृतक टैंकर चालक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। टिकरिया पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।


