मंडला जिले में अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह निर्देश जारी किए गए हैं। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारियों ने जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों और प्रबंधकों के साथ बैठक की। इसमें आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। यह बैठक पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंडला जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में स्थित सभी पेट्रोल पंप संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अनुरूप हेलमेट नहीं पहनने वाले किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। इन निर्देशों का सभी पेट्रोल पंपों पर सख्ती से पालन किया जाएगा। सीसीटीवी लगाने के निर्देश इसके अतिरिक्त, सभी पेट्रोल पंपों पर अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंप संचालकों को अपने-अपने स्टाफ को इन निर्देशों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने और पेट्रोल पंप परिसर में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। बैठक में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली शफीक खान, यातायात शाखा से सूबेदार योगेश राजपूत सहित जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


