मंडला में 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, 108 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित:79 केंद्रों पर हुआ अंग्रेजी का पेपर; नकल रोकने हुई ‘सुपर-चेकिंग’

मंडला में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। जिले के 79 केंद्रों पर पहले दिन 12वीं कक्षा के छात्रों ने अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र हल किया। परीक्षा के पहले ही दिन प्रशासन की सख्ती नजर आई, जहां कलेक्टर और एसपी खुद केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे। वहीं, अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थियों का आंकड़ा भी सामने आया है। 7,794 में से 108 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित मंडला जिले में 12वीं बोर्ड के लिए कुल 10,075 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से अंग्रेजी विषय के लिए 7,794 छात्र पात्र थे। परीक्षा के पहले दिन 108 विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। कलेक्टर सोमेश मिश्रा और एसपी रजत सकलेचा ने शहर के रानी अवंति बाई स्कूल, उत्कृष्ट विद्यालय और सरस्वती विद्यालय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उपाध्यक्ष ने भी किया केंद्रों का दौरा बोर्ड परीक्षाओं की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव स्वयं मंडला के दौरे पर हैं। उन्होंने नवीन महाराजपुर और उत्कृष्ट विद्यालय जैसे प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण किया और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। नकल करने या कराने पर होगी FIR प्रशासन ने नकल रोकने के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। कलेक्टर ने बताया कि सामूहिक नकल पकड़े जाने पर परीक्षा अधिनियम 1937 के तहत सीधे FIR दर्ज होगी। एसडीएम, तहसीलदार और जनपद सीईओ की टीमें लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। केंद्रों के बाहर 100 मीटर तक अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। 13 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं की परीक्षाएं हाईस्कूल (10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। इसके लिए जिले में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,224 विद्यार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए दो केंद्रों उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 मंडला और नवीन हाई स्कूल महाराजपुर को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या गड़बड़ी को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *