मंडला के बुधवारी बाजार स्थित राम मंदिर में रविवार शाम स्थानीय व्यापारियों ने बैठक की। इस बैठक में लंबे समय से शहर की सड़कों की दुर्दशा पर आक्रोश जताते हुए सर्वसम्मति से मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद व्यापारी सामूहिक रूप से उदय चौक में एकत्र हुए और सभी से ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहने की अपील की। व्यापारियों ने कहा कि सीवर लाइन और नल जल योजना के तहत हुए कार्य में सिंहवाहिनी वार्ड, बुधवारी से लेकर उदय चौक तक की रोड खोदी गई थी। जो लंबा समय बीत जाने के बावजूद आज भी क्षतिग्रस्त है। खुदी हुई रोड और टूटी हुई पाईप लाइन के कारण हो रही असुविधा से आम जनता परेशान हैं। दुर्घटनाएं हो रही हैं, वाहन फंस जाते हैं और इससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि रोड में लापरवाही पूर्वक चल रहे काम से त्रस्त होकर आज क्षेत्रीय व्यापारियों ने राम मंदिर में बैठक की। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार को सभी लोग सामूहिक रूप से एकत्र होकर कलेक्टर को जल्द इन सड़कों को बनाने के लिए ज्ञापन सौंपेंगे।


