मंडी जिले के कोटली उपमंडल के सपलोह में एक व्यक्ति ने पेट्रोल छिड़कर अपनी पत्नी को मारने का प्रयास किया। आग लगने से महिला गंभीर रुप से झुलस गई, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घरेलू विवाद के चलते हुई इस घटना के बाद मायका पक्ष ने शुक्रवार को एसपी मंडी विनोद कुमार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़िता महिला नीलम के माता-पिता सहित करीब 50 महिलाओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी मंडी से मिलकर नीलम को इंसाफ दिलाने की मांग की। नीलम के पिता कृष्ण चंद ने बताया कि उनकी बेटी और दामाद ने लगभग 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 7 साल है। कृष्ण चंद के अनुसार, शादी के कुछ सालों बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा था। कई बार आपसी समझौतों से विवाद सुलझ जाते थे, लेकिन अब स्थिति गंभीर हो गई है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि वीरवार सुबह उनके दामाद का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है। एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि उनकी बेटी जली हुई है। इस संबंध में कोटली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने पीड़िता के परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में लेने की अपील की गई है। वहीं, रिटायर्ड सैनिक और समाजसेवी भास्कर ठाकुर ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भास्कर ठाकुर ने मंडी में पहले हुए तेजाब कांड का जिक्र करते हुए कहा कि अब नीलम इस तरह की घटना का शिकार होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और एसपी मंडी से मुलाकात कर न्याय की मांग की है।


