इंदौर की चोइथराम, लक्ष्मी नगर और छावनी मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा गुरुवार दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन करेगा। तीनों मंडियों में बढ़ती चोरी और अवैध वसूली से किसान परेशान हैं। व्यापारी और हम्माल भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इससे मंडियों के व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। मंडियों में असामाजिक तत्वों का प्रभाव बढ़ा है। मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। लाइसेंसी हम्मालों के अलावा गैर-लाइसेंसी हम्माल भी सक्रिय हैं, जो अक्सर विवाद खड़े करते हैं। मंडियों में कई समस्याएं हैं। आरओ वाटर कूलर लंबे समय से बंद पड़े हैं। लक्ष्मी नगर और छावनी मंडी में 10 टन क्षमता के इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटों की आवश्यकता है। हम्माली दरों के फ्लेक्स बैनर नहीं होने से किसान और हम्मालों के बीच विवाद होते हैं। लक्ष्मी नगर मंडी में एक ही दुकान पर कई फर्मों के बिल बनने से किसानों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है। कई व्यापारी फसल बिकने के बाद तुरंत भुगतान करने से बचते हैं। किसान मोर्चा इन सभी मुद्दों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा।


