मंत्रिमंडल फेरबदल पर क्या बोले डिप्टी सीएम?:बेटे की कंट्रोवर्सी पर बैरवा ने कहा- विपक्ष की बनाई बातों का कोई फर्क नहीं पड़ता

मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा है कि यह मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का मामला है। निश्चित रूप से काम का परीक्षण करके जब भी उनको जो महसूस होगा, वह होगा। प्रदेश में भजनलाल सरकार का एक साल पूरा होने पर भास्कर से हुई खास बातचीत में उन्होंने बेटे से जुड़ी कंट्रोवर्सी के सवाल का भी जवाब दिया। साथ ही राजस्थान में आगे कौन से विजन को लेकर सरकार काम करेगी, यह भी बताया। पढ़िए खास बातचीत के कुछ अंश… भास्कर : एक साल पूरा हो चुका है, आपकी नजर में बीजेपी सरकार की परफॉर्मेंस कैसी रही? प्रेमचंद बैरवा : एक साल बेमिसाल.. हमारे प्रधानमंत्री का विकसित भारत को जो विजन है, उसी सपने को पहले दिन से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सरकार साथ लेकर आगे बढ़ी है। इस एक साल में जनता के अनेक काम हुए हैं। हाल ही में उपचुनाव में जनता ने सरकार के काम पर मुहर भी लगाई है। राजस्थान के उत्थान के लिए हर वर्ग, जिसमें युवा, महिला, किसान, पिछड़ों को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचाने का काम हुआ है। अंतिम छोर में बैठे लोगों को इस एक साल में समाज की मुख्यधारा में लाने का काम हुआ है। आज से एक साल पहले हमने शपथ ली थी। मैं हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताना चाहूंगा। जिस तरीके से उन्होंने एक ग्रामीण परिवेश के और एक किसान के बेटे को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी। मेरे जैसे मजदूर किसान के बेटे को भी उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी। उन्होंने हम पर जो भरोसा जताया, हम उनका यह भरोसा कायम रखेंगे। राजस्थान के विकास में काम करेंगे। भास्कर : ऐसी कौन सी बड़ी उपलब्धियां हैं जिनको आप भी बड़ा अचीवमेंट मानते हैं? प्रेमचंद बैरवा : देखिए, जिस तरीके से कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर धोखा किया। हमारी सरकार का लक्ष्य था, उसका समाधान करना। मुख्यमंत्री ने उसका स्थायी समाधान निकाला है। इसी क्रम में ईआरसीपी (ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट) का एमओयू किया है। उसका 6 साल का टारगेट निर्धारित किया है। मैं मानता हूं कि किसानों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात होगी। उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की बहुत बड़ी बात होगी। भास्कर : उपलब्धियों की बात हो रही है तो चुनौतियां भी आती हैं, ऐसी कौन सी चुनौतियां रहीं, जिनसे पार पाना पड़ा है? प्रेमचंद बैरवा : भारतीय जनता पार्टी एक संस्कारवान पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को आगे लेकर बढ़ने वाली पार्टी है। राष्ट्रीय निर्माण की नीति तैयार करके आगे बढ़ने वाली पार्टी है। इसलिए हर चुनौती का सामना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 11 साल में हिंदुस्तान का नाम और सम्मान बढ़ाने का काम किया है। ऐसे काम करके दिखाए हैं, जिनके बारे में हमारे पूर्वज यह कहा करते थे कि यह काम कब हो पाएंगे। इसलिए हमारे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उनके विजन को पूरा करने के लिए हमारी सरकार भी आगे बढ़ रही है। हमारे मुख्यमंत्री भी उनको आगे बढ़ाते हुए विकसित राजस्थान के सपने को पूरा कर रहे हैं। भास्कर : हाल ही में आम लोगों से मुलाकात करते हुए आपका एक वीडियो आया, किस तरीके से आम जनता के साथ रिश्ते को और मजबूत किया जा सकता है? प्रेमचंद बैरवा : देखिए, मैं जिस क्षेत्र से आता हूं और जिस वर्ग से आता हूं और जनता का जो मान और सम्मान मुझे मिला है। मैं यही चाहूंगा कि हमेशा हर वर्ग, हर क्षेत्र और 36 कौम को साथ लेते हुए, हर धर्म को साथ लेते हुए हम आगे बढ़ेंगे। निश्चित रूप से सामाजिक समरसता कायम रखकर और हर व्यक्ति, हर वर्ग का सहयोग लेते हुए आगे बढ़ेंगे तो राजस्थान का हम विकास कर पाएंगे। भास्कर : आपके साथ एक-दो कंट्रोवर्सी जुड़ी हुई हैं, एक आपके नाबालिग बेटे की, जिसमें आपने पहले बेटे का पक्ष लिया, उसके बाद अपना स्टैंड बदला? प्रेमचंद बैरवा : एक लक्ष्य लेकर आदमी काम करता है तो ऐसी कंट्रोवर्सी पर ध्यान नहीं देना चाहिए। अपने काम को एक विजन के साथ बढ़ते हुए करेंगे तो मैं मानता हूं कि किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं आएगी। मेरा यही ध्येय है कि मैं जनता के हित का काम करते हुए आगे बढ़ूंगा। ऐसी कोई भी कंट्रोवर्सी या अगर विपक्ष भी कोई ऐसी बात बनाए तो उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे लक्ष्य पर कायम रहते हुए आगे बढ़ेंगे। भास्कर : आने वाले 1 साल में अगर हम ऐसी कोई तीन बड़ी चीज देखें, जो आप जनता के लिए करना चाहते हैं? प्रेमचंद बैरवा : भारत युवाओं का देश है और राजस्थान युवाओं का प्रदेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 का जो विजन है, वो युवाओं के हाथ में विकसित भारत देना चाहते हैं। विकसित राजस्थान की परिकल्पना जिस तरीके से हमारे मुख्यमंत्री ने की है। मैं मानता हूं कि हमारे युवाओं का सहयोग लेकर उन्हें स्किलफुल बनाकर नौकरी देने वाला बनाएं तो विकसित राजस्थान का सपना पूरा होगा। भास्कर : सियासी गलियारों में चर्चाएं हैं कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल फेरबदल और विस्तार देखा जा सकता है? प्रेमचंद बैरवा : यह मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय नेतृत्व के अधिकार क्षेत्र का मामला है। निश्चित रूप से काम का परीक्षण करके जिस तरीके से उनको जो भी फेरबदल करना होता है, वो उनके अधिकार क्षेत्र का मामला है। जब भी उनको जो भी महसूस होगा, वह होगा। भास्कर : अपने विधानसभा क्षेत्र दूदू की जनता के लिए क्या कुछ करने वाले हैं? प्रेमचंद बैरवा : दूदू राजधानी के नजदीक वाली विधानसभा सीट है। वहां के किसान खेती पर निर्भर हैं। मैं चाहूंगा कि वहां पर इस तरीके की सुविधा हो जाए कि हर खेत में पानी आसानी से मिल जाए तो हमारे किसान भाइयों के लिए बहुत बड़ी सौगात होगी। मैं सभी 36 कौम के लोगों से यही कहूंगा- आओ हम सभी मिलकर एक सामाजिक समरसता बढ़ाते हुए युवाओं को शिक्षा में आगे बढ़ाएं और हमारे क्षेत्र का विकास करें। बेटे से जुड़े विवाद के कारण आए थे चर्चा में
डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा के बेटे और उसके दोस्तों की खुली जीप में पुलिस एस्कॉर्ट के साथ बनाई रील वायरल हुई थी। रील में पुलिस की गाड़ी भी नजर आ रही थी। मामले ने तूल पकड़ा तो प्रेमचंद बैरवा के बेटे का 18 साल से कम उम्र में गाड़ी चलाने पर चालान काटा गया था। साथ ही आरटीओ ने बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चलाने, बिना मंजूरी लिए गाड़ी में मॉडिफिकेशन करने और कम्युनिकेशन डिवाइस हाथ में लेकर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने का दोषी माना था। इस मामले में 7000 रुपए का चालान बैरवा के घर भेजा गया था। जिसके बाद प्रेमचंद बैरवा का बचाव वाला बयान भी सुर्खियों में रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *