छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस वक्त मंत्रिमंडल विस्तार से ज्यादा चर्चा झुनझुने की हो रही है, और इसकी वजह बने हैं प्रदेश के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत। हाथ में झुनझुना लेकर भगत ने इसे बजाते हुए कहा कि “हमारे मित्र राजेश मूणत, अजय चंद्राकर और अन्य कई नेता बस इसे ही बजा रहे हैं। मंत्री पद की आस में उन्हें बीजेपी ने ये झुनझुना पकड़ा दिया है। उन्होंने कहा, “नितिन नबीन आएंगे तो उनके सामने भी झुनझुना बजायेंगे, और ऐसे बजायेंगे कि उन्हें याद रह जाए।” बीजेपी नेताओं को झप्पी देने के लिए तैयार हूं मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर बीजेपी की चुप्पी और लगातार वायरल हो रही संभावित मंत्रियों की लिस्ट पर तंज कसते हुए भगत बोले ये कोई कैबिनेट विस्तार नहीं हो रहा, ये तो बीरबल की खिचड़ी बन गई है। कब तक पकती रहेगी, कोई नहीं जानता। लोग इंतजार करते-करते दुबले हो गए हैं। भगत बोले कि बीजेपी में जो हमारे मित्र हैं, उनसे पूछिए कि कैसे बड़े नेताओं के पंख कुतर दिए जाते हैं। चाहे अजय चंद्राकर हों, राजेश मूणत हों या रेणुका सिंह हों, जब हमसे मिलते हैं तो उनके चेहरे से दर्द छलक जाता है। हम तो हमेशा तैयार हैं,कंधा देने, सहारा देने, झप्पी देने के लिए। कभी हो सकता है नामों का ऐलान छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों का ऐलान अब कभी-भी हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नाम तय कर लिए गए हैं, सिर्फ घोषणा बाकी है। इससे पहले चुनावों और निगम-मंडल लिस्ट की वजह से ये ऐलान टलता रहा है। भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन दोनों ही नेता संगठन की बैठक लेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद मंत्री के नामों का ऐलान हो सकता है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से कहा गया है कि दोनों ही नेता भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की वजह से रायपुर आ रहे हैं।


