विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने वैल में आकर हंगामा किया। कांग्रेस विधायक स्पीकर के सामने आकर हंगामा करने लगे। इसके बाद सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा। अविनाश गहलोत ने एक सवाल के जवाब में कहा- पिछले बजट में 2023-24 में आपने हर बार की तरह अपनी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर इस योजना का नाम रखा खा। इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- यह क्या बकवास है? यह मंत्री है या बवाल? इंदिरा गांधी देश की पीएम रही हैं। उनके लिए इस तरह कैसे बोल सकते हैं। यह आपकी दादी क्या होता है? आधे घंटे के लिए स्थगित हुई कार्यवाही मंत्री की इस टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने वैल में आकर भारी हंगामा किया। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- दादी सम्मानित शब्द है। पटेल बोल रहे थे इसी दौरान हंगामा बढ़ गया। कांग्रेस विधायक स्पीकर की टेबल तक पहुंचने लगे। इसी दौरान स्पीकर ने 11 बजकर 36 मिनट पर सदन की कार्यवाही को आंधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया।


