जयपुर में आज हुए प्रदेश कांग्रेस के धरने को लेकर भजनलाल सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने बयान जारी करके कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक देश की जनता को गुमराह किया है। कांग्रेस हमेशा से जनता के हितों के खिलाफ काम करती आई है और आरोप भाजपा पर लगा रही है। मंत्री जोगराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकाल भ्रष्टाचार और अपराधों का गढ़ रहा। अपने ही नेताओं के फोन टैपिंग, पेपर लीक, सरकारी अधिकारियों के घूसकांड जैसी घटनाएं इस बात के गवाह हैं। उन्होंने कहा कि आज के धरने में भी कांग्रेस नेताओं की आपसी छींटाकशी देखने को मिली। वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि कांग्रेस के शासन में एससी-एसटी-ओबीसी का शोषण हुआ है, बीजेपी ने इन वर्गों को सशक्त करने का काम किया हैं। प्रदेश की मजबूत अर्थव्यवस्था कांग्रेस को हजम नहीं
जोगाराम पटेल ने कहा कि जयपुर में आयोजित हुई राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ के एमओयू साइन किए गए। इससे राज्य में रोजगार के लाखों अवसर पैदा होंगे। आज सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, लेकिन यह बात कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है। बीजेपी ने किया बाबा साहेब के सपनों को साकार
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि भाजपा हमेशा एससी, एसटी एवं ओबीसी समुदाय के अधिकारों और कल्याण के लिए काम करती रही है। कांग्रेस के शासन में एससी, एसटी एवं ओबीसी समुदायों का शोषण हुआ, जबकि भाजपा ने उन्हें सशक्त बनाया। दिलावर ने कहा कि कांग्रेस का डॉ. अंबेडकर और वंचित समुदायों के सशक्तिकरण के लिए ठोस कार्य करने का कोई इतिहास नहीं है। भाजपा सरकार ने बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए अभूतपूर्व काम किया है। कांग्रेस ने जयपुर में किया प्रदर्शन
जयपुर में बुधवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों, अमेरिका की अदालत में अडाणी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों, पूंजीपतियों को सरंक्षण देने और मणिपुर में बढ़ती हिंसा के विरोध में धरना दिया। जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना देने के बाद कांग्रेस नेताओं ने राजभवन की ओऱ कूच किया। लेकिन पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धरना स्थल पर ही रोक दिया। पुलिस से धक्का-मुक्की में कांग्रेस कार्यकर्ता बेहोश भी हो गई।


