बलरामपुर रामानुजगंज जिले में तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का समापन स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में हुआ। आदिम जाति विकास तथा कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह खेल महोत्सव 10 से 12 फरवरी तक आयोजित किया गया था, जिसमें जिले भर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं का आयोजन किया गया था। जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले भर से पंजीकृत 67,380 प्रतिभागियों ने भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया। समापन समारोह में मंत्री नेताम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शंकरगढ़ और बलरामपुर के बीच आयोजित बालिका रस्साकसी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मंत्री ने तीरंदाजी प्रतियोगिता का अवलोकन भी किया और स्वयं तीर चलाकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। मंत्री नेताम ने कहा कि विकासखंड से लेकर जिला स्तर तक सरगुजा ओलंपिक का सुव्यवस्थित आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बना है। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलने पर जोर दिया। मंत्री ने चयनित खिलाड़ियों को संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने इस अवसर पर कहा कि विकासखंड स्तर से चयनित खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, रेडक्रॉस अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


