मंदसौर में जनगणना 2027 प्रशिक्षण का आगाज:1 से 30 मई 2026 मकान सूचीकरण, हर गांव में गणना ब्लॉक और सटीक नंबरिंग पर जोर

भारत सरकार द्वारा होने वाली जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के उद्देश्य से मंगलवार को मंदसौर जिले में जिला स्तरीय प्रशिक्षण का प्रथम दिवस हुआ। आगामी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। जनगणना 2027 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया जनगणना के नोडल अधिकारी अभिषेक सिंह ठाकुर एवं अशोक चौबे ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी – प्रथम चरण के अंतर्गत प्रत्येक मकान का विधिवत सूचीकरण एवं क्रमांक अंकन किया जाएगा, जिससे आगे की गणना प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। घर-घर नंबरिंग पर विशेष जोर
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि घर-घर नंबरिंग का कार्य स्पष्ट, सुव्यवस्थित एवं सटीक रूप से किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि जितनी सटीक नंबरिंग होगी, जनगणना कार्य उतना ही व्यवस्थित और त्रुटिरहित रहेगा। प्रगणकों को संबंधित गांव आवंटित किए जाएंगे, जहां वे घरों की नंबरिंग करेंगे। साथ ही उन्हें नक्शों का अध्ययन करने तथा तहसील स्तर के नक्शों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य में शुद्धता और सुविधा बनी रहे। प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रत्येक गांव में गणना ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। मकान गणना एवं परिवार गणना अलग-अलग की जाएगी, जिससे आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रारंभिक जानकारी पहले कागज पर संकलित की जाए, उसके पश्चात पोर्टल पर प्रविष्टि की जाए, जिससे त्रुटियों की संभावना कम हो। तकनीकी समस्याओं पर भी हुआ मार्गदर्शन
प्रशिक्षण सत्र में संभावित तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों को पोर्टल संचालन, डेटा प्रविष्टि एवं समन्वय संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस 18 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा। जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे जिले में यह राष्ट्रीय कार्य व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *