मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग के निर्देश पर जिला आबकारी विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न कम्पोजिट मदिरा दुकानों के विरुद्ध अनियमितताओं को लेकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा निर्धारित दरों पर मदिरा विक्रय सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। लगातार निरीक्षण और टेस्ट परचेस अभियान जिला आबकारी अधिकारी रामहंस पचौरी ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री तथा अन्य अनियमितताओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से विभागीय कार्यबल द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं टेस्ट परचेस की कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी त्वरित जांच की जा रही है। जनवरी 2026 तक 55.22 लाख रुपये का जुर्माना निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर पंजीबद्ध विभागीय प्रकरणों में माह जनवरी 2026 तक कुल 55 लाख 22 हजार 582 रुपये की शास्ति संबंधित कम्पोजिट मदिरा दुकानों के लाइसेंसधारियों पर अधिरोपित की गई है। यह राशि ई-आबकारी पोर्टल के माध्यम से वसूली जा रही है। शिकायतों पर त्वरित निराकरण का दावा जिले में मदिरा विक्रय शासन द्वारा निर्धारित दरों पर सुनिश्चित करने तथा आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला आबकारी कार्यबल द्वारा सघन जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। आबकारी विभाग ने संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसधारियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


