मंदसौर में होमगार्ड-नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस मनाया गया:कलेक्टर ने ली परेड की सलामी, उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान

मंदसौर जिले में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। होमगार्ड लाइन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर अदिती गर्ग और एसपी विनोद कुमार मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक परेड के साथ हुआ। इसका नेतृत्व परेड कमांडर संदीप भंवर और टीयूआईसी जितेंद्र कनौजिया ने किया। होमगार्ड, सिविल डिफेंस और एनसीसी के जवानों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। कलेक्टर अदिती गर्ग ने भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और गृह सचिव गोविंद मोहन के संदेशों का वाचन किया। इन संदेशों में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन की राष्ट्र सेवा, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। एसपी विनोद कुमार मीना ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा, मध्य प्रदेश की डायरेक्टर जनरल प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव (आईपीएस) का संदेश पढ़ा। उन्होंने बताया कि आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रशिक्षण से संगठन की क्षमता बढ़ाई जा रही है। साल 2025 के मानसून के दौरान अतिवृष्टि की स्थिति में प्रदेशभर में 1372 राहत एवं बचाव कार्य किए गए। इन कार्यों में 5075 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 82,010 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों का पंजीकरण किया गया, और 67,784 स्वयंसेवकों को आपातकालीन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर होमगार्ड जवानों के मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट अंकों के लिए छात्रवृत्ति के चेक और प्रमाण-पत्र दिए गए। एसडीईआरएफ और होमगार्ड जवानों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, डीएफओ, एडिशनल एसपी, एसडीएम, थाना प्रभारी और होमगार्ड/नागरिक सुरक्षा परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट वीरेंद्र जादौन ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। आपदा प्रबंधन उपकरणों की एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत सभी जवानों की एक्स-रे और स्क्रीनिंग की। अंत में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और एनसीसी द्वारा रस्साकशी और चम्मच दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *