नीमच कलेक्टोरेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 88 लोगों की समस्याएं सुनीं। इनमें सबसे ज्यादा मामले जमीन विवाद और बिजली कनेक्शन से जुड़े रहे। कुकड़ेश्वर के जूना खाखर देव महाराज मंदिर के पुजारियों ने शिकायत की कि नगर परिषद ने 2019 में प्रधानमंत्री आवास के लिए मंदिर की जो जमीन ली थी, उस पर अब भू-माफिया अवैध रूप से कॉलोनी काट रहे हैं। उन्होंने आवंटन रद्द कर जमीन वापस मंदिर के नाम करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कलेक्टोरेट परिसर में दंपति का धरना गमीरपुर निवासी मुकेश मीणा और उनकी पत्नी विद्याबाई ने राजस्व अधिकारियों और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि दबंगों ने उनके पुश्तैनी बाड़े में जबरन रास्ता निकालने के लिए मारपीट की, लेकिन जीरन पुलिस ने इस पर कोई कदम नहीं उठाया। अधिकारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश आटा चक्की का कनेक्शन: ग्राम जावी के गणपत को तीन महीने से बिजली कनेक्शन न मिलने पर कलेक्टर ने विद्युत कंपनी को तुरंत कनेक्शन देने को कहा। जमीन पर कब्जा: खेरमालिया के उंकारलाल मेघवाल की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के लिए राजस्व टीम को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए। अन्य मामले: ग्वालटोली की गीताबाई, मुंदडा के नंदलाल और बघाना के सुभाष सहित कई अन्य लोगों ने भी अपनी शिकायतों के आवेदन सौंपे।


