पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ व्यवसायियों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद रखी। गुरुवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान मंदिर की दीवार गिराए जाने से व्यवसायी और आम लोग आक्रोशित हैं। इधर, सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि जिसने भी दीवार गिराया है, उसे निलंबित कर दिया गया है। सैकड़ों की संख्या में लोगों का हुजूम नगर निगम तेरी मनमानी नहीं चलेगी जैसे नारे लगाते हुए मुख्य मार्ग से नगर निगम कार्यालय पहुंचा और अपना विरोध प्रकट किया। पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह के नेतृत्व में व्यवसायियों ने प्रदर्शन किया। स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया भी इसमें शामिल हुए। जुलूस की शक्ल में नगर निगम कार्यालय पहुंचे लोगों की वार्ता सहायक नगर आयुक्त से हुई। लोगों ने पूछा कि मंदिर की दीवार किसके आदेश पर तोड़ी गई। सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि जिसने भी दीवार गिराया है, उसे निलंबित कर दिया गया है। लोगों ने नगर निगम के कर्मी सिटी मैनेजर पर बिना किसी जानकारी के दीवार गिराने का आरोप लगाया और इन्हें बर्खास्त करने की मांग की। व्यवसायियों की यह है मांग व्यवसायियों की मांग है कि दोषी कर्मियों पर कारवाई किया जाए। रोड के दोनों तरफ व्हाईट लाइनिंग होने तक निगम का अभियान स्थगित रहे। रोड किनारे दुकान लगा रहे छोटे दुकानदार को हटाने के पहले वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए। कॉपरेटिव बैंक परिसर में वेंडर मार्केट बना कर शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। अतिक्रमण को चिन्हित करने के लिए एक टीम बने, जिसमें निगम के साथ डालटनगंज चैम्बर ऑफ कॉमर्स और व्यवसायी संघ भी रहे। वाहन पार्किंग के लिए कांग्रेस भवन के बगल में निगम की जमीन पर पांच तल्ला पार्किंग बनाई जाए। थाना रोड से तालाब के बीच पहले से बने दीनदयाल मार्ग को चालू किया जाए।