लुधियाना| श्री दुर्गा माता मंदिर में होली महोत्सव का भव्य और भक्तिमय आयोजन किया गया। श्री दुर्गा माता मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस समागम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंगों में सराबोर हो गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण ब्रज की तर्ज पर खेली गई पुष्प होली रही। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे ब्रजवासी संकीर्तन मंडल के सुप्रसिद्ध कलाकार पं. हरिमोहन शर्मा और पं. राजीव शर्मा ने राधा-कृष्ण के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे ही कलाकारों ने फूलों की वर्षा शुरू की भक्तों ने एक-दूसरे पर पुष्प बरसा कर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन के बाद मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन पीके मित्तल, जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट बीके गोयल और फाइनेंस सेक्रेटरी सीए संजय गोयल सहित समस्त ट्रस्टियों ने अहम भूमिका निभाई।


