मऊगंज बाईपास पर स्थित भाजपा कार्यालय के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप और कार की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 25 वर्षीय युवक योगेश कुमार गौतम की मौत हाे गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामने से आ रही पिकअप ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, ग्राम कौआढान निवासी योगेश कुमार गौतम अपने साथियों के साथ कार से रीवा की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही उनकी कार बाईपास पर पहुंची, सामने से आ रहे पिकअप (एमपी17जी4202) के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के बाद घायल योगेश को तुरंत मऊगंज के आशीर्वाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर और सीने में लगी गंभीर चोटों के कारण शाम करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई। कार में सवार केशव प्रसाद शुक्ला की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है। वहीं, कार में मौजूद शांतिका प्रसाद और जितेंद्र प्रसाद को मामूली चोट आई हैं। आरोपी चालक की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही मऊगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी संदीप भारती ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।


