मऊगंज जिले में अवैध खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। तहसील मऊगंज के ग्राम पंचायत सीतापुर क्षेत्र में एक किसान ने अपनी निजी जमीन पर बिना अनुमति खनन का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्राम कंजरा निवासी योगेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 184/2 पर पिछले एक महीने से अवैध उत्खनन जारी है। उन्होंने बताया कि मोहम्मद तौफीक अंसारी द्वारा बिना लीज, वैध अनुमति या भूमि स्वामी की सहमति के खनन कराया जा रहा है। प्रशासनिक संरक्षण के आरोप लगाए जब योगेंद्र सिंह ने इसका विरोध किया, तो मजदूरों ने ‘ऊपर से निर्देश’ मिलने की बात कही, जिससे प्रशासनिक संरक्षण के आरोप और पुख्ता हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस अवैध खनन से उनकी जमीन को भारी नुकसान हुआ है और लाखों रुपए की क्षति हुई है। योगेंद्र सिंह और उनके भाइयों ने इस संबंध में थाना, खनिज विभाग और वन विभाग में शिकायतें दर्ज कराई थीं। हालांकि, कोई कार्रवाई न होने पर वे बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर कार्यालय में उन्होंने अवैध खनन तत्काल रोकने, आरोपियों पर मामला दर्ज करने और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। इस घटना ने जिले में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


