मऊगंज में होली पर 27 पुलिस टीम तैनात:गडरा कांड के बाद अलर्ट मोड पर, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

मऊगंज जिले में होली पर्व के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पिछले वर्ष हुए गडरा कांड से सबक लेते हुए इस बार 27 टीमें तैनात की गई हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देश पर एसडीओपी सचि पाठक ने इन 27 विशेष पुलिस टीमों को तैनात किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह और एसडीओपी सचि पाठक स्वयं भी लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। नईगढ़ी, लौर, शाहपुर, मऊगंज और देवरा महादेवन सहित सभी संवेदनशील पुलिस थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग जारी है। पिछले वर्ष होली के दौरान हुए गडरा कांड के मद्देनजर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। एएसपी विक्रम सिंह ने गडरा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से शांति और भाईचारे का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने होली को लेकर एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें नागरिकों से आपसी प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है। बिना सहमति रंग डालना, नशे में वाहन चलाना, हुड़दंग करना और बिना अनुमति डीजे बजाना दंडनीय अपराध माना जाएगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि शांतिप्रिय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *