मकराना शहर के कालवा बाइपास रोड स्थित किरड़ोलिया सर्किल पर गुरुवार शाम करीब 6:40 बजे एक दुकान के बाहर खड़ी मारुति इको कार में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार के पास खड़ी दो बाइक्स भी जलकर खाक हो गई। मकराना पीपली चौक निवासी सुनिल पुत्र बुद्धाराम गिंवारिया, जो सर्किल पर पत्तल डोने बेचने की दुकान चलाते हैं, अपनी इको कार में सामान की डिलीवरी देते थे। शाम के समय कार उनकी दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी बीच दो युवक, जवानाराम गीला और रवि किरड़ोलिया, अपनी बाइक्स को कार के पास खड़ी कर किसी से मिलने के लिए गए थे। अचानक कार में आग लग गई और आग ने पास खड़ी दोनों बाइक्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार में गैस किट और सिलेंडर लगा हुआ था, और यह संभावना जताई जा रही है कि सिलेंडर से गैस लीक होने या शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। मकराना थानाधिकारी सुरेश कुमार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अग्रिशमन कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की सहायता से आग पर काबू पाया। हादसे में तीनों वाहन जलकर खाक हो गए हैं, जिससे वाहन मालिकों को भारी नुकसान हुआ है।


