डीडवाना-कुचामन के जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने गुरुवार को मकराना और जुसरी क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मकराना-मंगलाना रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही झालरिया तालाब की गहराई बढ़ाने और जुसरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने मकराना-मंगलाना रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निरीक्षण किया। सुरक्षा कारणों से उन्होंने तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्चाधिकारियों से समन्वय कर ROB की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था को पाबंद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वर्षा जल संचयन की आवश्यकता पर जोर
शहर के ऐतिहासिक झालरिया तालाब का अवलोकन करते हुए केलक्टर ने जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नगर परिषद को आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व तालाब की गहराई बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे जल भंडारण क्षमता में वृद्धि हो सके। इसके अतिरिक्त, तालाब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने और खुदाई कार्य में जन-सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए। कलक्टर ने कहा कि तालाबों का संरक्षण भविष्य की जल सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने स्कूल में बच्चों का बढ़ाया उत्साह
ग्राम जुसरी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक शिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, नामांकन संख्या, शिक्षकों की उपस्थिति और अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यालय के 4 मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मिड-डे मील की गुणवत्ता, कक्षाओं की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।
इस दौरे के दौरान एडीएम मोहनलाल खटनावलिया, मकराना तहसीलदार कृष्णा शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


