मकसूदां में पीजी में होमगार्ड पति को दूसरी महिला संग पकड़ा, हंगामा

भास्कर न्यूज | जालंधर मकसूदां इलाके में एक महिला ने अपने होमगार्ड पति को दूसरी महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। नंदनपुर रोड स्थित एक पीजी में हुए इस खुलासे के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और मामला थाना 1 तक पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला को अपने पति की गतिविधियों पर पहले से शक था। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उसका पति नंदनपुर रोड के एक पीजी में किसी महिला के साथ मौजूद है। महिला तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे में दोनों को एक साथ देख लिया। शोर-शराबा बढ़ता देख आसपास के लोग भी एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति होमगार्ड में तैनात है और यह उसकी दूसरी शादी है। इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। महिला का कहना है कि उसका पति पहले भी दुबई की एक महिला और अबोहर की एक अन्य महिला के साथ संबंधों को लेकर विवादों में रह चुका है। उसने आरोप लगाया कि उसके पति ने कई महिलाओं की जिंदगी बर्बाद की है। मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। जिस महिला के साथ आरोपी को पकड़ा गया, उसने चूड़ा पहना हुआ था। जांच में पता चला कि उसकी भी किसी अन्य युवक के साथ लव मैरिज हो चुकी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उस महिला के पति को भी सूचित कर दिया, जो मौके पर पहुंच रहा था। इधर, पत्नी ने पुलिस पर मौके की वीडियो फुटेज डिलीट करने का भी आरोप लगाया है। इस पर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया​ कि संबंधित महिला केवल उससे मिलने आई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *