भास्कर न्यूज | जालंधर बस्ती शेख कोट मोहल्ला इलाके में मंगलवार शाम गौतम नामक एक युवक ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। युवक के परिवारजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। परिजनों के अनुसार, गौतम का मकान मालिक उस पर चोरी का झूठा आरोप लगा रहा था और इसी आरोप के एवज में वह लगातार 50 हजार रुपए की मांग कर रहा था। मकान मालिक की इन धमकियों व झूठे आरोपों के मानसिक दबाव से परेशान होकर ही गौतम ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पुलिस प्रशासन के शुरुआती रवैये ने परिवार के गुस्से को भी भड़का दिया है। पुलिस की ओर से तत्काल आरोपी मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया, तो न्याय की गुहार लगाते हुए परिजनों ने बुधवार को श्री गुरु रविदास चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन और चक्का जाम से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया और लंबा जाम लग गया। परिजनों की मांग थी कि जब तक आरोपी मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। हालात को बेकाबू होता देख पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना नंबर 5 में आरोपी मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। एफआईआर दर्ज होने पर हटाया धरना एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि के बाद ही परिजनों ने धरना समाप्त किया। इलाके के पूर्व पार्षद ने बताया कि पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है, इसलिए प्रशासन को आगे की कार्रवाई के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उधर, एसीपी आतिश भाटिया ने कहा कि पीड़ित परिवार को पुलिस की कार्रवाई को लेकर कुछ गलतफहमी हो गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस ने परिवार के सदस्यों से बात कर ली है। जांच जारी है। मकान मालिक का पक्ष भी लिया जाएगा।


