बालोद जिले के ग्राम जगतरा में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के 11 जिलों से हमाल श्रमिक एकत्रित हुए। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग और स्टेट वेयर हाउस कॉरपोरेशन के चेयरमैन चंदूलाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। खराब मौसम के बावजूद श्रमिकों ने कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने बाइक रैली निकालकर दिवस का जश्न मनाया। इस दौरान श्रमिकों ने प्रशासन और शासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और अपनी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। सांसद भोजराज नाग ने अपने संबोधन में किसानों और श्रमिकों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जैसे किसान धरती का भगवान होता है, वैसे ही श्रमिक भी बिना भेदभाव के काम करते हैं। उन्होंने श्रमिकों के शोषण की समस्या को भी स्वीकार किया। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा मोदी की गारंटी को पूरा करने की बात कही। नाग ने श्रमिकों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पहले से ही श्रमिकों के लिए पेयजल व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने श्रमिकों को किसी भी समय मिलने आने का निमंत्रण दिया। मजदूरों को जारी किए जाएंगे पहचान पत्र इस मौके पर चंदूलाल साहू ने कहा कि मौसम भले ही खराब हो, लेकिन आप सभी की हिम्मत और एकता प्रशंसा के योग्य है। उन्होंने इस दिन को सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि श्रमिकों के संघर्ष और बलिदान की सच्ची श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार श्रमिक दिवस की शुरुआत चेन्नई में हुई थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वादा किया कि सभी मजदूरों को पहचान पत्र (ID कार्ड) जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा, श्रमिक कभी छोटा नहीं होता, उनके पसीने से ही बड़े-बड़े मकान और इमारतें खड़ी होती हैं। पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने भी मजदूरों को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे उन कार्यों को अंजाम देते हैं, जो हर इंसान के जीवन से जुड़े होते हैं। उन्होंने मजदूरों के योगदान को देश के विकास की नींव कहा। श्रमिकों ने रखी अपनी मांगें हमाल श्रमिक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर चंदेल ने नागरिक आपूर्ति निगम के अंतर्गत काम कर रहे हमाल मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि की मांग की। उन्होंने कहा कि मजदूरी बोरे के हिसाब से तय होनी चाहिए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि एक मजदूर प्रतिदिन कितने बोरे उठाएगा। जिलाध्यक्ष तुकाराम यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में मजदूरों ने बिना अपनी जान की परवाह किए लोगों के घरों तक राशन पहुँचाया। उन्हें गर्व है कि वे हमाल मजदूर हैं। बालोद इकाई अध्यक्ष किशोर साहू ने कहा कि अभी तक मजदूरों को पहचान पत्र नहीं मिला है और वे कई बार अनाधिकृत स्थानों पर काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने मंच पर 11 सूत्रीय मांगों की सूची अतिथियों को सौंपी। उपस्थित रहे कई जनप्रतिनिधि इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रीतम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार, भाजपा जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, सरपंच मंगल मंडावी, पार्षद गिरिजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू, भाजपा नेता गजेंद्र यादव सहित 11 जिलों से आए हमाल श्रमिक संघ के सदस्य एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


