मुरैना जिले के जौरा कस्बे के कल्लू की तिवरिया मोहल्ले में सोमवार को एक अधेड़ व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान 50 वर्षीय छोटेलाल जाटव के रूप में हुई, जो पेशे से मजदूर था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, छोटेलाल के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। लेकिन तीन महीने पहले उसे लकवा गया था। इसके कारण वह दिन भर घर में ही रहता और आर्थिक तंगी के कारण उसका जीवन असहाय हो गया था। राजू कुशवाहा का नाम आया सामने
छोटेलाल के परिजनों ने आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की ओर इशारा किया है। उनका कहना है कि घर पर एक राजू कुशवाहा नामक व्यक्ति का आना-जाना था, उसे छोटेलाल पसंद नहीं करता था। इसको लेकर परिवार में आपसी तनाव रहता था। घटना के दौरान छोटेलाल के हाथ-पैर पर चोट के निशान मिले हैं। शरीर से हल्का खून भी निकल रहा था, इसे देखकर परिजनों ने मामले पर सवाल उठाए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि शव को उतारते वक्त चोट लगने से ऐसा हुआ होगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच और कार्रवाई
जौरा SDOP नितिन बघेल ने बताया, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है।


