मजदूर संघ की बैठक में संगठन के विस्तार पर दिया गया जोर

भास्कर न्यूज|गुमला आज मजदूर संघ सीएफटीयूआई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला व प्रदेश कार्यालय, गुमला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कृष्णा कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर दर्जनों महिला और पुरुष मजदूरों ने सीएफटीयूआई का दामन थामते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की। नए जुड़े सदस्यों को पहचान पत्र (आई-कार्ड) प्रदान किया गया व लिखित पत्र महिला विंग सीएफटीयूआईकी जिला अध्यक्ष सुनीता कुमारी, महिला विंग की जिला उपाध्यक्ष आसेन बड़ा और जिला अध्यक्ष कृष्णा कुमार वर्मा के द्वारा संयुक्त रूप से सौंपा गया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन ख़ान की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने संगठन के भावी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य मजदूरों को मिलने वाले विभिन्न सरकारी व संगठनात्मक लाभों को मजबूती के साथ हर प्रखंड और हर पंचायत तक पहुंचाना रहा। इसी क्रम में संगठन विस्तार को तेज करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन ख़ान ने अपने संबोधन में कहा कि सीएफटीयूआई पूरे झारखंड प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में मजबूत टीम गठित करने का कार्य कर रहा है, ताकि मजदूरों की आवाज को सशक्त मंच मिल सके। बैठक में विशेष रूप से पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और मजदूर हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं, नशा पान, सड़क सुरक्षा, तथा मजदूरों के पलायन जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। इसके साथ ही मजदूरों को उनके अधिकारों, योजनाओं और सुरक्षा से संबंधित जानकारी देने की रणनीति तय की गई। इस अवसर पर दयामुनी उरांव, संगीता देवी, मंजुला कुल्लू, रबिंद्र गोप, कृष्ण कुमार बड़ाइक, सुनील उरांव, दुर्गी कुमारी, अमृत लाल लकड़ा, बिनीता कुडेलना, सरिता देवी, तुरुक महली, अर्जुन सिंह, रुनम केरकेट्टा, सारो देवी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सीएफटीयूआई की सदस्यता ग्रहण की। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और मजदूरों के हक की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *