मजबूत मन ही मजबूत जीवन का आधार: दास

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर कस्तूरबा आवासीय विद्यालय उदयपुर में विजन समाजसेवी संस्था की ओर से मजबूत मन, मजबूत जीवन विषय पर जीवन अनमोल है थीम अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक मजबूती, सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार व समाजसेवी संतोष दास ने छात्राओं को संबोधित कर कहा कि कस्तूरबा विद्यालय की बच्चियों का संघर्ष, अनुशासन, समन्वय और एकाग्रता यह दर्शाती है कि वे मानसिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने कहा जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए। पढ़ाई में अंक कम हो सकते हैं, लेकिन जीवन का अंक कभी कम नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम की संयोजिका अधिवक्ता व समाजसेविका शिल्पा पाण्डेय ने कहा कि मजबूत मन ही मजबूत समाज का आधार होता है। उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि निराशा की स्थिति में अपने माता-पिता के संघर्ष को याद करें, क्योंकि माता-पिता ने बच्चों की परवरिश में जो कठिनाइयां झेली हैं, उनसे बड़ी कोई तकलीफ नहीं होती। सकारात्मक सोच ही सकारात्मक जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका सरोजिनी प्रमिला ने विजन समाजसेवी संस्था के इस प्रयास की सराहना कर कहा कि बच्चों की मानसिक मजबूती उनके भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय प्रशासन हर परिस्थिति में छात्राओं के साथ खड़ा है। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान कई छात्राओं ने लिखित चिट्ठियों के माध्यम से अपनी मानसिक परेशानियां साझा कीं, जिन्हें वे किसी से कह नहीं पाती थीं। शिल्पा पाण्डेय ने एक-एक छात्रा की व्यक्तिगत काउंिसलिंग कर उन्हें मानसिक संबल दिया और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और भावनात्मक रूप से सशक्त करने वाला साबित हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *