मजार पर टोने-टोटके के शक में सौतेली मां की हत्या:पिता के तीसरे निकाह से भी नाराज था बेटा, मार डाला; दोस्त के साथ गिरफ्तार

मंदसौर शहर गुरुवार शाम उस वक्त दहल उठा जब वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना की सरेआम चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि मृतका का ही सौतेला बेटा साहिल और उसका दोस्त सोहेल निकला। पुलिस ने शुक्रवार शाम दोनों को जावरा से गिरफ्तार कर लिया है। भास्कर के हाथ लगी जानकारियों ने हत्याकांड को और भी भयावह बना दिया है। मदारपुरा के घर में मजार, गुरुवार को बनते थे ताबीज
साहिल ने गिरफ्तारी के बाद पुलिसिया पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि रुबीना के पिता के मदारपुरा स्थित घर में एक मजार बना है। गुरुवार के दिन रुबीना यहां लोगों के लिए ताबीज और डोरे बनाती थी, ऐसे में काफी लोगों का यहां आना-जाना था। साहिल, उसकी मां और बहन को इस बात पर शक था कि रुबीना ने तंत्र-मंत्र और टोना-टोटके के जरिए पार्षद शाहिद मेव को अपने प्रभाव में लिया और फिर उससे शादी कर ली। शादी के बाद पारिवारिक हालात बिगड़ते चले गए। शाहिद मेव का अपनी पहली पत्नी के घर आना-जाना कम हो गया, जिससे घर में अक्सर विवाद और तनाव बना रहता था। साहिल इस स्थिति से बेहद नाराज़ था। कई बार परिवार ने रुबीना को समझाने की कोशिश की कि वह शाहिद से दूरी बनाए, लेकिन बात नहीं बनी। खबर तो यह भी है कि शाहिद के नयापुरा स्थित घर के बाहर जादू-टोने से जुड़ी सामग्री और भभूत जैसी चीजें फेंकी जाती थीं, जिससे तनाव और गहरा गया। दोस्त के साथ मिलकर बनाई हत्या की योजन
पार्षद के बेटे साहिल ने अपने बचपन के दोस्त सोहेल पिता भुरू पहलवान के साथ मिलकर रुबीना की हत्या की योजना बनाई। सोहेल नयापुरा में साहिल के घर के सामने ही रहता है, जिससे उसे साजिश में शामिल करना आसान हो गया। कुछ दिन पहले साहिल अजमेर गया था, जहां से उसने हत्या में इस्तेमाल होने वाला चाकू खरीदा। घर से 100 मीटर पहले चाकुओं से हमला कर मारा
यह दिल दहला देने वाली वारदात गुरुवार शाम करीब साढ़े 5 बजे मंदसौर के अभिनंदन नगर क्षेत्र में हुई। वार्ड क्रमांक 15 के भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना, मदारपुरा स्थित अपने पिता के घर से ऑटो में सवार होकर अभिनंदन नगर स्थित किराए के मकान लौट रही थी तो आरोपियों ने उसकी रेकी की। घर से महज 100 मीटर पहले ऑटो रुका, तभी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार साहिल और सोहेल ने वहां पहुंचकर धारदार चाकू से रुबीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पहले साहिल द्वारा पेट पर चाकू मारा गया, फिर सोहेल ने रुबिना के झुकने पर पीठ पर वार किया। इसके बाद सीने के दोनों ओर चाकू घोंपे गए और अंत में सिर में चाकू मारकर निर्ममता से उसकी हत्या कर दी गई। करीब सात बार चाकू से वार किए गए। हमले में गंभीर रूप से घायल रुबीना को उसके पति शाहिद मेव तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जावरा से राउंडअप, जुर्म कबूल
पुलिस ने शुक्रवार शाम साहिल और सोहेल को जावरा स्थित हुसैन टेकरी के पास से राउंडअप कर मंदसौर लाया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें मंगलवार तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू की बरामदगी के साथ अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मृतका की मासूम बेटी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए बताती है दो लड़के आए थे। एक साहिल था और दूसरा उसका दोस्त था। उन्होंने मेरी मम्मी को चाकू मार दिया। ऑटो चालक बोला- ‘तुम नहीं छोड़ रही’ कहकर किया हमला
ऑटो चालक सीताबाई डाबी ने बताया कि रुबीना शुक्ला चौक से ऑटो में बैठी थी। घर पहुंचने से 100 मिटर पहले उसने बेटी को ऑटो में बैठाया, तभी पीछे से बाइक सवार युवक आए और कहते हुए हमला कर दिया तुम नहीं छोड़ रही। जिला चिकित्सालय में ड्यूटी के दौरान मौजूद डॉक्टर मीतांशी जैन द्वारा दैनिक भास्कर को बताया गया कि रुबीना को जब अस्पताल लाया गया, उससे पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी, उसके शरीर पर चार से पांच चाकू के निशान थे, सिर पर भी चाकू से वार किया गया था। वहीं 1 जगह से महिला की आंते भी बाहर आ चुकी थी। चार शादियां, टूटते रिश्ते और विवादों से भरा जीवन
रुबीना का यह चौथा निकाह था। पहली शादी जावरा में हुई, जो 8 साल बाद टूट गई। दूसरी शादी दिल्ली निवासी युवक से डेढ़ साल चली। तीसरी शादी भीलवाड़ा में हुई, जिससे उसे एक बेटा और एक बेटी हैं। कुछ वर्षों बाद वह रिश्ता भी खत्म हो गया। इसके बाद करीब सात महीने पहले उसने शाहिद मेव से शादी की थी। पार्षद शाहिद मेव भी कर चुके हैं तीन विवाह
शाहिद मेव की पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं, 2 बेटियां जिनकी शादी हो चुकी है और एक बेटा साहिल जो हत्या का मुख्य आरोपी है। दूसरी पत्नी से भी उसके दो बेटे हैं। रुबीना उनकी तीसरी पत्नी थी। शाहिद मेव वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर नगर पालिका चुनाव जीतकर पहली बार वार्ड क्रमांक 15 का पार्षद बना था। मृतका के भाई पीरु शाह ने कहा कि उनकी बहन की सरेआम हत्या की गई है और इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि अज्ञात युवक रुबीना नामक महिला की हत्या कर भाग गए थे, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को जावरा हुसैन टेकरी के नजदीक से राउंडअप किया और थाने लाकर पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। प्रारंभिक पूछताछ में साहिल ने बताया कि पिता ने जो विवाह किया था जिसके कारण घर में कलह की स्थिति बन रही थी यही वजह है कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। यह खबर भी पढ़ें
पार्षद की तीसरी शादी…बेटे ने की सौतेली मां की हत्या मंदसौर में भाजपा पार्षद की पत्नी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वार्ड नंबर 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव के बेटे ने पिता की तीसरी शादी से नाराज होकर सौतेली मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे का नाम साहिल बताया जा रहा है। देर शाम पुलिस ने साहिल और उसके सहयोगी सोहेल को जावरा हुसैन टेकरी दरगाह के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *